सोहराय कार्निवल का भव्य आयोजन, पाकुड़ में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक
Sohrai Carnival organised in grand style, glimpse of tribal culture seen in Pakur

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पारंपरिक आदिवासी पर्व सोहराय के अवसर पर पाकुड़ जिले में सोहराय कार्निवल का भव्य आयोजन किया गया। कार्निवल सिदो–कान्हू पार्क से प्रारंभ होकर कृषि उत्पादन बाजार समिति तक निकाला गया, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा, मांदर की थाप, लोकनृत्य और सांस्कृतिक झांकियों के माध्यम से आदिवासी संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन किया गया। कार्निवल में उपायुक्त मनीष कुमार, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी शामिल हुए। मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम का स्वागत किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सोहराय पर्व आदिवासी संस्कृति और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थानीय कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।



