गोड्डा

गोड्डा में आदिम जनजाति योद्धा जबरा पहाड़िया उर्फ तीनकामंझी की 240वीं पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई गई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी प्रखंड अंतर्गत आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के महान योद्धा जबरा पहाड़िया उर्फ तीनकामंझी की 240वीं पुण्यतिथि उनके पैतृक गांव बड़ा पालमा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। यह वही वीर योद्धा थे, जिन्हें भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करने वाले आदिम जनजाति के अग्रणी सेनानियों में गिना जाता है।
पुण्यतिथि के अवसर पर आदिम जनजाति समुदाय के लोगों ने जबरा पहाड़िया की कर्मस्थली पर स्थापित प्रतिमा पर विधिवत पूजा-पाठ एवं माल्यार्पण किया। यह स्थल ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां जबरा पहाड़िया अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध अभ्यास करते थे और अपने सैनिकों को प्रशिक्षण दिया करते थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिम जनजाति समुदाय के लोग शामिल हुए और अपने पूर्वज योद्धा को नमन किया।
इस अवसर पर आदिम जनजाति समुदाय के जिलाध्यक्ष बैजनाथ पहाड़िया ने कहा कि जबरा पहाड़िया ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ वीरतापूर्वक संघर्ष किया, लेकिन आज भी उनके वंशजों और पहाड़िया बहुल क्षेत्रों में विकास अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने सरकार से आदिम जनजाति समुदाय के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की मांग की।
पुण्यतिथि समारोह के माध्यम से आदिम जनजाति समुदाय ने न केवल अपने महान योद्धा की वीर गाथा को याद किया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश भी दिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button