गोड्डा
मकर संक्रांति के अवसर पर बायोडायवर्सिटी पार्क में पतंग महोत्सव का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गोड्डा बायोडायवर्सिटी पार्क परिसर में पतंग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव , पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे के द्वारा पतंग उड़ा कर किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक त्योहारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, सांस्कृतिक विरासत को संजोना तथा आपसी सौहार्द एवं उत्साह का वातावरण निर्मित करना रहा।
पतंग महोत्सव में बच्चों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान सराबोर नजर आया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा। प्रतिभागियों ने पारंपरिक ढंग से पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति के महत्व को जीवंत किया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त के द्वारा मकर संक्रांति के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि यह पर्व नई ऊर्जा, सकारात्मकता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से अपनी लोक-संस्कृति से जुड़े रहने तथा सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल तरीके से पर्व मनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पतंग प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें पुरुष वर्ग एवं महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों के द्वारा उत्साह और उल्लास के साथ मकर संक्रांति का पर्व मनाते हुए इस आयोजन की प्रशंसा की गई। मौके पर नगर थाना प्रभारी दिनेश महली, लोकमंच सचिव सर्वजीत झा, जिला कला – संस्कृति संयोजक सुरजीत झा, उद्घोषक मनीष सिंह आदि उपस्थित थे।




