रामपुर शाहबाद
बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत तीन लोग गंभीर रूप से घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। शाहबाद में बुधवार को एक बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहबाद में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रामपुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, शाहबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मधुकर निवासी विजयपाल और राकेश बाइक से शाहबाद आ रहे थे। वहीं, ग्राम भूडासी निवासी रूप सिंह अपने ई-रिक्शा से धनूपुरा निवासी 60 वर्षीय किशन पाल को दवाई दिलाने शाहबाद ला रहे थे। भूडासी स्थित शराब के ठेके के सामने ई-रिक्शा और बाइक में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी शाहबाद पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया।हालांकि, सभी घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रामपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में धनुपुरा गांव निवासी किशनपाल ने दम तोड़ दिया जबकि अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।



