
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद कु. मायावती का जन्मदिन 15 जनवरी 2026 को बरेली में पूरी तरह बसपा के रंग में डूबा नजर आया। नेहरू युवा केंद्र में आयोजित मंडलीय स्तर के कार्यक्रम में जहां एक ओर बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नारों से माहौल गूंजता रहा, वहीं दूसरी ओर इसी मंच से 2027 में मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के इलाकों तक नीले रंग के पोस्टर, बैनर और झंडे छाए रहे। हर पोस्टर पर आंबेडकरवादी कार्यकर्ता मायावती को जन्मदिन की बधाई देता नजर आया। “जय भीम”, “बाबासाहेब अमर रहें” और “मायावती जिंदाबाद” जैसे नारों ने पूरे आयोजन को पूरी तरह राजनीतिक रंग दे दिया।
मंच से वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मायावती का जन्मदिन केवल शुभकामनाओं का दिन नहीं, बल्कि संगठन को 2027 के लिए तैयार करने का अवसर है। नेताओं ने कहा कि मायावती के चेहरे पर जन्मदिन की खुशी के साथ-साथ 2027 को लेकर जो संकल्प दिखाई देता है, वही कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी ताकत है।
एक वरिष्ठ नेता ने मंच से कहा,
“बाबासाहेब के विचारों को आगे बढ़ाने का रास्ता सत्ता से होकर जाता है और 2027 में मायावती को फिर मुख्यमंत्री बनाना ही हमारा लक्ष्य है।”
वहीं दूसरे वक्ता ने कहा,
“आज इस मंच से कार्यकर्ता वचन ले रहे हैं कि हर बूथ, हर गली और हर गांव में बाबा साहेब का संदेश और मायावती का नेतृत्व पहुंचाया जाएगा।”
कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चला। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉक्टर जयपाल सिंह जिला अध्यक्ष ने की कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रणबीर कश्यप मुख्य मंडल प्रभारी कार्यक्रम का संचालन जयपाल सिंह मंडल प्रभारी द्वारा किया गया कार्यक्रम में कई अन्य वक्ताओं संबोधन किया गया !



