बरेली
80 वार्डों को कूड़ा निस्तारण के लिए मिलेंगे आधुनिक उपकरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। सिटीज 2.0 योजना के तहत शहर के 80 वार्डों को कचरा मुक्त किया जाएगा। इसके लिए हाईटेक उपकरण मिलेंगे, जो वार्डों के विकास और स्वच्छता में सुधार के लिए उपयोग किए जाएंगे। इसके लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (एनआईयूए) और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स लिमिटेड (टीसीई) की संयुक्त टीम ने एक विस्तृत अध्ययन रिपोर्ट तैयार कर केंद्र सरकार और नगर आयुक्त को सौंपी है। इसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि हाईटेक उपकरणों के उपयोग से वार्डों की स्वच्छता में सुधार होगा और कूड़ा-कचरा प्रबंधन बेहतर होगा। इसके अलावा बेहतर सुविधाएं मिलने नागरिक अपने वार्डों के विकास में भागीदार भी बनेंगे।
पिछले साल सिटीज 2.0 के लिए देशभर की 84 स्मार्ट सिटीज ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपने-अपने प्रोजेक्ट को शामिल किया था। जिसमें कहा गया कि वर्तमान में वार्ड स्तर पर कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया में आधुनिक उपकरणों की भारी कमी है, जिससे सफाई व्यवस्था बाधित होती है। टीम ने वार्डों का भौतिक निरीक्षण कर यह निष्कर्ष निकाला कि प्रभावी निस्तारण के लिए आधुनिक मशीनों और तकनीकों की जरूरत है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का कहना है कि संयुक्त टीमों ने शहर के सभी वार्डों का सर्वे पूरा कर रिपोर्ट सौंपी है।



