ललितपुर

 24 से 26 जनवरी तक भव्य समारोह के साथ मनाया जाएगा उत्तर प्रदेश दिवस

विभागीय स्टॉलों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी

सांस्कृतिक एवं लोकगायन कार्यक्रमों के साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देंगे शानदार प्रस्तुतियां
जिले के समग्र विकास कार्यों, उपलब्धियों व पर्यटन स्थलों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का होगा प्रदर्शन
लाभार्थियों को कल्याणकारी योजनाओं के बांटे जायेंगे स्वीकृति पत्र
विशिष्ट महानुभावों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को दिये जायेंगे प्रशस्ति पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में 24 से 26 जनवरी तक उत्तर प्रदेश दिवस को समारोह पूर्वक मनाये जाने हेतु आयोजन की तैयारियों हेतु डीएम सत्य प्रकाश के निर्देशन में सीडीओ शेषनाथ चौहान की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सीडीओ ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 24 से 26 जनवरी तक उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन कल्याण सिंह सभागार (ऑडीटोरियम) में किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस की शुरुआत के साथ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का भव्य आयोजन होगा। 25 जनवरी को पर्यटन दिवस और मतदाता दिवस एवं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को पूरी भव्यता के साथ सम्पन्न कराये जाने हेतु नोडल अधिकारियों को जो दायित्व सौंपे गए हैं, उन्हें पूरी गंभीरता से निभाएं। सम्बंधित अधिकारी विभागीय योजनाओं, जनपद के विकास कार्यों, उपलब्धियों एवं पर्यटन से सम्बंधित स्टॉल लगाकर वृहद प्रचार-प्रसार करायें। साथ ही विभागीय गतिविधियों का डिस्प्ले करायें। इसके साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरण, कृषि यंत्रों का वितरण, सहायक उपकरण वितरण, विभिन्न प्रतियोगिताएं आदि आयोजित करायी जायें। बताया गया विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 24 से 26 जनवरी तक उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन भव्यता पूर्वक किया जाना है, जिसके आयोजन के लिए आज विभिन्न विभागों के कार्य निर्धारित किये जाने हेतु यह बैठक आयोजित की गई है। कार्यक्रम में होने वाली प्रत्येक गतिविधि के लिए नोडल अधिकारी नामित किये गए हैं। प्रतिदिन होने वाले कार्यक्रम भी निर्धारित किये गए हैं। 24 जनवरी 2024 को सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, अतिथियों का उद्बोधन, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शपथ, छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का वितरण, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बुन्देली गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम-वाद विवाद प्रतियोगिता, नाटक, नृत्य, लोक कलाकारों द्वारा मंच प्रस्तुति आदि कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। बैठक में सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, पीडी डीआरडीए दीपक यादव, डीडीओ अतिरंजन सिंह, डीसी मनरेगा रमेश कुमार यादव, डीपीआरओ कुंवरसिंह यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी नन्दलाल सिंह, जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य समस्त सम्बंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button