दावोस में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन वैश्विक निवेशकों और कंपनियों से मुलाकात करेंगे, झारखण्ड में निवेश का आमंत्रण देंगे

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
रांची/दावोस। झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में भाग लेने दावोस पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य झारखण्ड को स्थिरता, ऊर्जा बदलाव, समावेशी विकास और औद्योगिक प्रगति के क्षेत्र में एक जिम्मेदार और भविष्य के लिए तैयार राज्य के रूप में वैश्विक मंच पर पेश करना है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन कई वैश्विक कंपनियों और संस्थानों के प्रमुखों से बैठक करेंगे, जिनमें टाटा स्टील, हिताची, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, इंफोसिस, वेलस्पन, एबी इनबेव, ब्लूमबर्ग, टेक महिंद्रा, अल्फानार, रामकी ग्रुप और एवरस्टोन ग्रुप शामिल हैं। इन द्विपक्षीय चर्चाओं में टिकाऊ उद्योग, हरित ऊर्जा, आधुनिक बुनियादी ढांचा, डिजिटल तकनीक और जलवायु-अनुकूल औद्योगिक विकास में निवेश के अवसरों पर विस्तार से चर्चा होगी। मुख्यमंत्री का मानना है कि झारखण्ड का विकास मॉडल लोगों, प्रकृति और स्थिरता पर आधारित होना चाहिए। राज्य जिम्मेदार खनन, नवीकरणीय ऊर्जा, महिला नेतृत्व वाले उद्यम, कौशल विकास और समुदायों की भागीदारी को प्राथमिकता दे रहा है। इस अवसर पर झारखण्ड पवेलियन का उद्घाटन 20 जनवरी को होगा। यह पेवेलियन राज्य की निवेश संभावनाओं, नीतिगत सुधारों और दीर्घकालिक विकास योजना को वैश्विक निवेशकों के सामने पेश करने का विशेष मंच होगा। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में झारखण्ड की भागीदारी राज्य को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच परिचित कराएगी और इसे एक भरोसेमंद, पारदर्शी और सतत विकास के मॉडल के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी।



