शामली
महाविद्यालय में युवा सप्ताह का समापन समारोह संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। नगर के राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘युवा सप्ताह’ का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित प्रतियोगिता एवं प्रबोधन सत्र का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मेरे सपनों का भारत: स्वामी विवेकानंद की दृष्टि में’ विषय पर आधारित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता से की गई, जिसमें छात्राओं ने अपनी रचनात्मक कला के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के सपनों के समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की प्रभावशाली झलक प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जुवेरिया पुत्री नसीम अहमद) बी.ए. प्रथम वर्ष, द्वितीय स्थान प्रिंसी,पुत्री प्रमोद बी.एससी. द्वितीय वर्ष तथा तृतीय स्थान नवाब पुत्री जनपद नवाब बी.ए. तृतीय वर्ष ने प्राप्त किया।कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बृजभूषण का प्रेरणादायी उद्बोधन रहा। उन्होंने ‘स्वामी विवेकानंद युवाओं को सलाह विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं को राष्ट्र की आधारशिला मानते थे। उन्होंने छात्राओं से एकाग्रता, आत्मविश्वास और निर्भयता को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही गुण सफलता की कुंजी हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. बृजेश कुमार राठी, डॉ. अमित सिंह सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।


