बरेली

बरेली में हाईवे पर  कोहरे के कहर, 20 वाहन टकराए

रोडवेज बस के चालक की मौत, 24 लोग घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को सुबह घने कोहरे के कारण हाईवे पर कोहराम मच गया। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर कोहरे के कारण रोडवेज बस और कार समेत 20 वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में करीब 24 लोग घायल हुए हैं। रोडवेज बस चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
शुगर मिल के समीप हुआ हादसा
फरीदपुर क्षेत्र में सुबह के वक्त हाईवे पर घना कोहरा छाया, जिससे दृश्यता शून्य हो गई। जानकारी के मुताबिक सुबह आठ बजे शुगर मिल के समीप हाईवे की दोनों लेन पर एक के बाद एक 20 वाहन टकरा गए। वाहनों की टक्कर होते ही हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल भिजवाया।
रोडवेज बस चालक की मौत
बताया जा रहा है कि सोहराब गेट डिपो की रोडवेज बस गोरखपुर से मेरठ जा रही थी। यह बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आए कई वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। कुछ वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गए। हादसे में रोडवेज बस चालक मुजफ्फरनगर के ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर निवासी अतर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वह बस में फंस गया था। पुलिस ने उसे निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने हटवाए क्षतिग्रस्त वाहन
बरेली डिपो की रोडवेज बस में बैठकर बलराम व उनकी पत्नी यशोधरा और उनके दो बच्चे लव (छह वर्ष) और माही (10 वर्ष) कटरा से दिल्ली जा रहे थे। हादसे में माही घायल हो गई, उसे अस्पताल भिजवाया गया। इसके अलावा कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद हाईवे पर करीब आधा घंटा तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त सभी वाहनों को हाईवे से हटवाया। उसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button