शामली
अवैध मिट्टी खनन से किसान की जमीन को नुकसान, डीएम से शिकायत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन रोकने का नाम नहीं ले रहा मिट्टी खनन माफियाओं खुलेआम कर रहे खनन। मोहल्ला बिसातियान निवासी किसान ने पड़ोसियों पर बिना अनुमति मिट्टी खनन करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। किसान का कहना है कि अवैध खनन के कारण उसकी कृषि भूमि को भारी नुकसान हो रहा है। पीड़ित इखशाद पुत्र अब्दुलगनी ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी कृषि भूमि गाटा संख्या 717 है। आरोप है कि कैराना निवासी इंतजार अहमद और मोहम्मद अहमद ने अपनी भूमि गाटा संख्या 692 से मिट्टी खनन के लिए पहले तीन फुट तक की अनुमति ली थी, जिसके बाद तय सीमा तक मिट्टी निकाली जा चुकी है। इसके बावजूद अब बिना किसी वैध स्वीकृति के दोबारा करीब सात से आठ फुट तक मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। किसान का आरोप है कि इस अवैध खनन से उसकी भूमि की मेड़ कटकर गिर रही है, जिससे उसे आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। पीड़ित ने प्रशासन से अवैध मिट्टी खनन को तत्काल रुकवाने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों की जमीन को और नुकसान हो सकता है।



