असम के दरंग जिले में सड़क दुर्घटना परिस्थिति की समीक्षा के लिए डीआरएससी बैठक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के दरंग जिला सड़क सुरक्षा समिति (DRSC) की बैठक सोमवार को मंगलदई स्थित आयुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दरंग की आयुक्त एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की अध्यक्ष पुबाली गोहाई ने की। बैठक में आयुक्त ने उपलब्ध विस्तृत आंकड़ों के आधार पर जिले में हाल के सड़क हादसों की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं के लिए मानवीय व्यवहार जिम्मेदार है, जिनमें चालक का ध्यान भटकना (ड्राइवर डिस्ट्रैक्शन) सबसे प्रमुख कारण के रूप में चिन्हित हुआ। यह भी पाया गया कि अचानक ब्रेक लगाने और वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी न रखने के कारण पीछे से टक्कर (रियर-एंड कोलिजन) प्रकार की दुर्घटनाएं सर्वाधिक दर्ज की गई हैं।विश्लेषण में थाना-वार क्षेत्रीय समस्याएं भी उजागर हुईं। सिपाझार और दलगांव थाना क्षेत्रों में तेज गति से वाहन चलाने से जुड़ी उल्लंघन की घटनाएं अधिक पाई गईं, जबकि धूला और मंगलदई थाना क्षेत्रों में मुख्य रूप से भीड़भाड़ और जाम से उत्पन्न यातायात संघर्ष प्रमुख समस्या के रूप में सामने आए। वहीं खारुपेटिया थाना क्षेत्र को सड़क की स्थिति और मौसम संबंधी कारकों के कारण अपेक्षाकृत अधिक संवेदनशील पाया गया। बैठक में विभिन्न निवारक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें दुर्घटना-प्रवण चौराहों पर गति नियंत्रण (स्पीड काल्मिंग) संबंधी प्रावधान, भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में बेहतर यातायात प्रबंधन, यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई, सड़क सुरक्षा पर जनजागरूकता अभियान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अवसंरचना के सुधार जैसे कदम शामिल थे। जिले में सड़क हादसों में कमी लाने के लिए सभी संबद्ध विभागों के बीच समन्वित प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोज़ी तालुकदार, एडीसी अनुराग फुकन, असिस्टेंट कमिश्नर, अधीक्षक अभियंता (लोक निर्माण विभाग – सड़क), जिला परिवहन कार्यालय, लोक निर्माण विभाग (सड़क), राष्ट्रीय राजमार्ग प्रखंड, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



