शामली

सीएचसी कैराना में पांच नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव, केक काटकर मनाई खुशी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना में पांच नवजात कन्याओं का कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएचसी प्रभारी डॉ. विकास चंद ने की। इस दौरान नवजात कन्याओं के सम्मान में केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। महिला कल्याण विभाग की ओर से नवजात बालिकाओं और उनकी माताओं को बेबी किट, फलों की टोकरी, कंबल, बेबी बिब सहित अन्य उपहार देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में माताओं को पोषण, स्वास्थ्य, प्रसवोत्तर देखभाल के साथ-साथ बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर जानकारी दी गई। जिला मिशन समन्वयक सदफ खान और जेंडर स्पेशलिस्ट कुलदीप शर्मा (एचईडब्ल्यू) ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग किया। बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत मौजूद लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए बाल विवाह न कराने की शपथ दिलाई गई। साथ ही साइबर हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा, 112 आपात पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड लाइन, 181 विमेन हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में बीसीपीएम आरिश खान, आशा कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने समाज में बेटियों के सम्मान और अधिकारों के संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button