बोकारो

नावाडीह में आदर्श वृद्धा आश्रम का भव्य उद्घाटन

महिला बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बेबी देवी ने कहा— बुजुर्गों की सेवा ही सच्ची समाज सेवा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के द्वारा समाज के उपेक्षित, असहाय एवं जरूरतमंद बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से नावाडीह में आदर्श वृद्धा आश्रम का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर महिला बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बेबी देवी, प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, जिला परिषद सदस्य फुलमती देवी एवं मुखिया किरण देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर वृद्धा आश्रम का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महिला बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बेबी देवी ने कहा कि आज के बदलते सामाजिक परिवेश में संयुक्त परिवार व्यवस्था कमजोर हुई है, जिसके कारण कई बुजुर्ग उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। ऐसे समय में आदर्श वृद्धा आश्रम जैसी संस्थाएं बुजुर्गों के लिए संजीवनी का कार्य करेंगी। बुजुर्गों की सेवा करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि नैतिक कर्तव्य भी है।

प्रखंड प्रमुख पूनम देवी ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की नींव हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही आने वाली पीढ़ियां सशक्त बनती हैं। आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति द्वारा वृद्धजनों के लिए यह स्थायी व्यवस्था सराहनीय है। प्रखंड स्तर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

जिला परिषद सदस्य फुलमती देवी ने कहा कि
आज भी समाज में ऐसे कई बुजुर्ग हैं, जिनके पास न रहने का ठिकाना है और न ही देखभाल करने वाला कोई। यह वृद्धा आश्रम उनके लिए सुरक्षित आश्रय बनेगा। ऐसे सामाजिक कार्यों को जनसहयोग से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

मुखिया किरण देवी ने कहा कि पंचायत स्तर पर बुजुर्गों के कल्याण के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है। पंचायत की ओर से भी भविष्य में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि आश्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
वहीं आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बसुदेव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वृद्धा आश्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के असहाय एवं निराश्रित बुजुर्गों को आवास, भोजन, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई है। आश्रम का उद्देश्य केवल आश्रय देना नहीं, बल्कि बुजुर्गों को पारिवारिक वातावरण प्रदान करना है। भविष्य में स्वास्थ्य शिविर, योग एवं मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने आश्रम परिसर का निरीक्षण किया एवं संस्था के इस प्रयास की प्रशंसा की। उद्घाटन समारोह में पुर्व पंचायत समिति सदस्य किरण देवी, सुरेश शर्मा, राजकुमार ठाकुर, कैलाश ठाकुर, ईश्वर लाल शर्मा, उमेश कुमार, संजय सिंह, अनवर अंसारी, पिंकी कुमारी, भुनेश्वर महतो, मदन महतो, बाबुलाल नायक, असगर हुसैन, राजन कुमार, चंदन शर्मा, अरुण कुमार, अजय कुमार, स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में बुजुर्ग उपस्थित रहीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button