
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर एसओजी और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कीटनाशक की दुकान की आड़ में चल रही अफीम की डिलीवरी का खुलासा किया है।
सिरौली थाना क्षेत्र में रविवार शाम की गई छापेमारी में पुलिस ने एक किलो 300 ग्राम अफीम के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसओजी और सिरौली थाना पुलिस को क्षेत्र में अफीम तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाते हुए लभारी निवासी देवेंद्र से अफीम का सौदा तय किया।
तय योजना के मुताबिक अफीम की डिलीवरी गुलड़िया स्थित रुखाड़ा निवासी सुनील पाल की कीटनाशक की दुकान पर होनी थी।
बताया गया कि जैसे ही देवेंद्र अफीम लेकर दुकान की ओर बढ़ा, पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
घबराकर देवेंद्र दुकान के अंदर घुस गया, लेकिन पीछा कर रही बड़गांव चौकी पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान अफीम बरामद कर ली गई।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दुकान संचालक सुनील पाल पैरों से दिव्यांग है, लेकिन उसके जरिए अफीम की सप्लाई की जा रही थी।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद अफीम आंवला क्षेत्र के गांव गिरंधपुर निवासी गुड्डू और पप्पू लेकर आए थे, जो कैरियर के रूप में काम कर रहे थे। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।



