गोड्डा

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत पथरगामा मुख्यालय में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा। प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय व्यापी “मनरेगा बचाओ” अभियान के तहत एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पथरगामा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो ने की। धरना को संबोधित करते हुए कांग्रेस के गोड्डा जिला अध्यक्ष यायिहा सिद्दीकी ने केंद्र सरकार पर मजदूरों की आजीविका पर प्रहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मनरेगा कानून कांग्रेस की देन है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को अपने ही गांव में 100 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के बजट में कटौती कर तथा 60:40 का नया अनुपात लागू कर राज्य सरकारों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है, जिससे कई राज्य इस योजना को सुचारू रूप से संचालित नहीं कर पाएंगे। इसका सीधा नुकसान गरीब और ग्रामीण मजदूरों को होगा। वहीं, प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर चलाया और अब उनकी आजीविका पर भी बुलडोजर चलाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता गांव की गलियों से लेकर सदन तक मजदूरों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा। धरना में अन्य वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को श्रमिक विरोधी बताते हुए कहा कि गरीबों को हाशिए पर धकेलने की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस पार्टी ग्रामीण विकास एवं श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगी।
इस दौरान वक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा और उसे दमनकारी नीतियों पर चलने का आरोप लगाया। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं द्वारा एक मांग पत्र प्रखंड कार्यालय को सौंपा गया, जिसमें मनरेगा कानून को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग की गई। मौके पर प्रखंड उपाध्यक्ष पंकज चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ब्रह्म, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष खुर्शीद आलम, रंजीत मरांडी, शमीम अख्तर, दिगम्बर सिंह, सुशील दास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button