बाराबंकी
गौशाला विवाद: 4 आरोपी गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अवैध वसूली का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। सफदरगंज पुलिस ने गौशाला में पशु तस्करी की झूठी खबर फैलाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अवैध वसूली करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गोंडा का हिस्ट्रीशीटर विशाल गुप्ता भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।यह मामला बाराबंकी जनपद के थाना सफदरगंज अंतर्गत औलिया लालपुर की गौशाला से जुड़ा है। आरोपियों ने गौशाला में जाकर पशु तस्करी जैसी गलत खबरें फैलाईं। इसके बाद उन्होंने ग्राम प्रधान पर दबाव बनाया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अवैध वसूली का प्रयास किया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल गुप्ता पुत्र नत्थू गुप्ता निवासी मझारा, थाना वजीरगंज, जनपद गोंडा; मनीष कुमार उर्फ सम्राट पुत्र श्री कृष्ण कुमार मौर्या निवासी बेनीपुर पहुटा, इटियाथोक, जनपद गोंडा; आशीष मिश्रा पुत्र भगवान प्रसाद निवासी बालचन्दपुरवा चन्द्रापुर, थाना वजीरगंज, जनपद गोंडा; और रूबी अवस्थी पुत्री बद्री प्रसाद निवासी पूरे खेमकरन, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोंडा के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, विशाल गुप्ता और मनीष कुमार गैंगस्टर एक्ट के भी अभियुक्त हैं। विशाल गुप्ता गोंडा जनपद का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। रूबी अवस्थी पर भी पहले से एक मुकदमा दर्ज है। थाना प्रभारी अमर चौरसिया ने बताया कि इन अपराधियों पर गोंडा जनपद में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं।सफदरगंज पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस ने उनके पास से एक वाहन और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।



