खैरथल
ग्रेप-4 की पाबंदी में अटका सड़क निर्माण, आमजन परेशान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल।शहर के प्रमुख मार्ग अम्बेडकर सर्किल से नई अनाज मंडी गेट तक चल रहा सड़क निर्माण कार्य एक बार फिर ग्रेप-4 की पाबंदी के चलते ठप हो गया है। ठेकेदार द्वारा पुरानी सड़क को पूरी तरह तोड़कर नए सिरे से निर्माण किया जाना था, लेकिन कार्य पूरा होने से पहले ही पाबंदियां लागू हो जाने से काम बीच में ही रुक गया।
यह मार्ग खैरथल शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शुमार है। इसी सड़क पर जिला कलेक्टर कार्यालय
,नगर परिषद, पुलिस थाना, बस स्टैंड स्थित सरकारी विद्यालय हैं। प्रतिदिन हजारों वाहन व पैदल यात्री इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क टूटने के बाद से पिछले करीब एक माह से लोगों को उबड़-खाबड़ और धूलभरे रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण आए दिन दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं हो रही हैं, पानी के छिड़काव के बाद सड़क पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
व्यापारियों का भी कहना है कि खराब सड़क के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं, मरीजों और बुजुर्गों को जिला अस्पताल व कलेक्ट्रेट पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है।
आमजन ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रेप-4 की पाबंदी के दौरान वैकल्पिक उपाय करते हुए कम से कम सड़क को समतल कर आवागमन योग्य बनाया जाए या पाबंदी हटते ही निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।


