गाजियाबाद
राष्ट्रीय बालिका दिवस व उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर गाजियाबाद में भव्य आयोजन
बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : राष्ट्रीय बालिका दिवस एवं उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर गाजियाबाद के नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
लोनी से मॉडल बालिका इंटर कॉलेज और गढ़ी कटैया कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से मंच पर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गाजियाबाद, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप रहे। उनके साथ गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, सांसद अतुल गर्ग, बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, लोनी विधायक श्री नंदकिशोर गुर्जर, अन्य विधानसभा क्षेत्रों के विधायक एवं भाजपा के जिला अध्यक्ष भी मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन तथा देश के गृह मंत्री अमित शाह का संदेश भी स्क्रीन के माध्यम से सुनाया गया।
लोनी इंटर कॉलेज की ओर से प्रिंसिपल अनुराधा मिश्रा एवं प्रमोद कुमार कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कॉलेज की छात्राओं नैंसी, साक्षी, अर्शी, रेशमा, सानिया, मंत्सा, स्नेहा सहित अन्य बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं गढ़ी कटैया कॉलेज की टीम ने भी प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम में जिले के टॉप करने वाले विद्यार्थियों को ₹5000 का चेक देकर सम्मानित भी किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम ने बालिकाओं के सशक्तिकरण और प्रदेश की उपलब्धियों को दर्शाते हुए एक सकारात्मक संदेश दिया।


