वीवीपीजी कालेज में कर्तव्य बोध दिवस कार्यक्रम का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के तत्वावधान में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर इकाई द्वारा शहर के वीवीपीजी कॉलेज, शामली में कर्तव्य बोध दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संयोजक डॉ. सुधीर कुमार, सह-संयोजक डॉ. भूपेंद्र कुमार एवं डॉ. निर्भय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। मुख्य उद्बोधन में डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में कर्तव्य बोध केवल एक विचार नहीं, बल्कि प्रत्येक शिक्षक और नागरिक की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिक्षक समाज को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। यदि शिक्षक अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार और सजग रहेगा, तो समाज स्वतः ही सशक्त और संस्कारवान बनेगा। सह-संयोजक डॉ. भूपेंद्र कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का मूल उद्देश्य शिक्षक समाज, शिक्षाविदों एवं प्रबुद्ध नागरिकों में कर्तव्य, राष्ट्रबोध, नैतिक मूल्यों, शैक्षिक तथा सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूकता को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य बोध दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका को पुनः स्मरण कराने का सशक्त माध्यम है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना है। डॉ. निर्भय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान शैक्षिक परिवेश में शिक्षकों को अनेक नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सकारात्मक सोच ही शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बना सकती है। शिक्षक यदि स्वयं आदर्श बनेगा, तभी छात्र उससे प्रेरणा ग्रहण कर पाएंगे।


