मेरठ
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सिटी हीट एक्शन प्लान समिति की बैठक संपन्न
कार्य योजना फरवरी तक तैयार करने के निर्देश, हीटवेव से निपटने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में सिटी हीट एक्शन प्लान के निर्माण एवं क्रियान्वयन को लेकर जनपद स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी ग्रीष्मकाल में संभावित हीटवेव (लू) के प्रभावों से जनजीवन को सुरक्षित रखने हेतु एक प्रभावी, व्यवहारिक एवं समयबद्ध कार्य योजना तैयार करना रहा।
शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित इस समिति में नगर आयुक्त नगर निगम को सदस्य संयोजक बनाया गया है। समिति में अपर नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), विकास प्राधिकरण, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य, अग्निशमन, पशुपालन, शिक्षा, मौसम विज्ञान, परिवहन, ऊर्जा, जल निगम, श्रम, महिला एवं बाल विकास, उद्यान, सूचना विभाग सहित एनजीओ, स्वयं सहायता समूह, कम्युनिटी ग्रुप एवं सामाजिक संस्थाओं के नामित प्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
प्रदेश के 17 नगर निगमों में हीटवेव प्रबंधन हेतु सिटी हीट एक्शन प्लान विकसित, क्रियान्वित एवं अनुश्रवण किए जाने के शासनादेश के क्रम में यह समिति गठित की गई है। राज्य में लू की बढ़ती तीव्रता और उसके प्रतिकूल प्रभावों को दृष्टिगत रखते हुए 22 मई 2025 को मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में आयोजित राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस योजना को लागू करने की स्वीकृति प्रदान की गई थी।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हीटवेव का प्रकोप प्रारंभ होने से पूर्व ही फरवरी माह तक सिटी हीट एक्शन प्लान तैयार कर लिया जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वित्त) को स्कूलों एवं कॉलेजों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि हीटवेव के साथ-साथ अन्य आपदाओं के संबंध में विभागीय समन्वय बैठकों का आयोजन कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।
जिलाधिकारी ने आपदा राहत संसाधनों की मैपिंग, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण सुनिश्चित करने, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा समस्त कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण स्थलों (कंस्ट्रक्शन साइट) की सूची प्राप्त कर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कटारिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त) सूर्यकांत त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


