खैरथल
मौसम ने मारी पलटी, हल्की बारिश से बढ़ी ठंड
मावठ से फसलों को मिला जीवनदान, बसंत पंचमी के वैवाहिक आयोजनों में हुई परेशानी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सुबह से रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर बढ़ गया। ठिठुरन बढ़ने पर लोगों ने अलाव का सहारा लिया, सड़को पर किचड़ से लोगो को परेशानी हुई सब्जी मण्डी में तो किचड़ के हालात बुरे थे
किसानों के लिए यह बारिश राहत भरी साबित हुई है। खेतों में खड़ी रबी फसलों को मावठ से संजीवनी मिली है। किसानों का कहना है कि गेहूं, सरसों व चना जैसी फसलों के लिए यह बारिश बेहद लाभकारी है, जिससे पैदावार में बढ़ोतरी की उम्मीद जगी है।
उधर, आज बसंत पंचमी के अवसर पर अबूझ सावे होने के कारण कई स्थानों पर वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित होने थे, लेकिन बारिश के चलते आयोजनों में व्यवधान पड़ा। खुले में होने वाले कार्यक्रमों को या तो स्थगित करना पड़ा या सीमित व्यवस्थाओं के साथ संपन्न किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में ठंड का असर बना रह सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

