भरत पुर

जिला स्तरीय समारोह में ऊर्जामंत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

वीरांगनाओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों का किया सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

भरतपुर। जिलेभर में 77 वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि ऊर्जामंत्री हीरालाल नागर ने तिरंगा ध्वज फहराकर मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह में राजस्थान पुलिस, राजस्थान सशस्त्र पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, भारत स्काउट, गाइड, पुलिस बैण्ड की टुकडियों ने परेड कमाण्डर पुलिस निरीक्षक कल्याण सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट किया। पुलिस के बैण्ड की धुनवादन के साथ मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) घनश्याम शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री ने शहीदों की 10 वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए चयनित 76 छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में आर्मी स्कूल कंजोली के छात्र-छात्राओं ने ’’मेरा रंग दे बसंती चोला’’ गीत के माध्यम से शहीद भगतसिंह पर आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देकर देशभक्ति का संदेश दिया। टीएम स्कूल के छात्र-छात्राओं ने ’’वन्दे मातरम’’ गीत पर सामूहिक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा शहर के 23 विद्यालयों के 1 हजार 532 छात्र-छात्राओं द्वारा शा. शिक्षक विजय सिंह एवं तेजवीर सिंह के नेतृत्व में शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन किया।

देश महाशक्ति के रूप में उभर रहा है-ऊर्जा मंत्री
मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री ने 77 वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाऐं देते हुए कहा कि हमारी संविधान के कारण लोकतंत्र की जड़े गहरी है। सभी वर्गों विना भेदभाव के आगे बढ़ने के समान अवसर है। उन्होंने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आर्थिक, सैन्य, तकनीकी एवं विज्ञान के क्षेत्र में महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत मिशन 2047 को लेकर देश आगे बढ़ रहा है, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के साथ आधारभूत विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में हर क्षेत्र प्रगति के नये आयाम स्थापित किये जा रहे है। अनेक योजनाओं के क्रियान्वयन में देशभर में अग्रणी पायदा पर है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा व अक्षय ऊर्जा में हम आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे है। रामजल सेतु परियोजना से पूर्वी राजस्थान ने पेयजल एवं सिंचाई की समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने भरतपुर जिले में चल रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि शहरी विकास की अवधारणा साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से आज हर वर्ग खुशहाल है, युवाओं को पारदर्शी एवं सुचिता पूर्ण प्रतियोगी परीक्षा का वातावरण मिल रहा है। एक लाख से अधिक पदों पर रोजगार के अवसर सृजित किये गये हैं, जिससे युवाओं में उत्साह है।
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां निकालकर विभागीय योजनाओं एवं निर्णयों से आमजन के जीवन में आये बदलाव एवं विभागीय उपलब्धियों को दर्शाया। झांकियों में जिला परिषद, आयुर्वेद विभाग, चिकित्सा विभाग, कृषि उद्यानिकी विभाग, टी एम इन्टरनेशनल स्कूल, एसजीएस विद्यालय, उद्योग विभाग, नगर निगम, वन विभाग, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा विभागीय कार्यक्रमों को झांकियों में दर्शाया गया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्र गान की धुन पर समारोह का समापन किया गया। इस अवसर पर पुलिस बैंड को मार्च पास्ट में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर रनिंग शील्ड एवं तथा झांकियों में वन विभाग की झांकी को प्रथम स्थान पुरूस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन अनुपमा चीमा ने किया।
समारोह में पूर्व सांसद पं. रामकिशन, संभागीय आयुक्त श्रीमती नलिनी कठोतिया, पुलिस महानिरीक्षक कैलाशचन्द्र विश्नोई, जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनन्द, भरतपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त कनिष्क कटारिया, जिला परिषद के सीईओ मृदुल सिंह, अतिरिक्त सम्भागीय आयुक्त नीलिमा तक्षक, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई, उपखण्ड अधिकारी सुश्री भारती गुप्ता सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं समाज के विभिन्न वर्गो के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यालयाध्यक्षों ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज-
गणतंत्र दिवस के 77वें समारोह के अवसर पर संभागीय आयुक्त श्रीमती नलिनी कठोतिया ने संभागीय आयुक्त कार्यालय एवं निवास, पुलिस महानिरीक्षक कैलाश चन्द्र विश्नोई ने पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय एवं निवास, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन द्वारा ने कलेक्ट्रेट कार्यालय व डिस्ट्रिक्ट क्लब, आईआरएस श्रीमती फराह हुसैन ने जिला कलक्टर निवास पर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुलसिंह ने जिला परिषद, आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया ने भरतपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय, आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई ने नगर निगम कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जिले के समस्त राजकीय कार्यालयों, विद्यालयों, स्वायतशाषी संस्थाओं, निगम, बोर्ड, निजी कार्यालय, औद्योगिक ईकाईयों एवं प्रतिष्ठानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया कर समारोह आयोजित किये गये तथा शहर के प्रमुख चौराहों पर रंगोली एवं राजकीय भवनों, ऐतिहासिक दरवाजों पर आकर्षक रोशनी की गई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button