खैरथल

कांग्रेस ने मतदाता पुनरीक्षण में गड़बडी का लगाया आरोप

विधायक दीपचंद खैरिया के नेतृत्व में सौपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल । राजस्थान प्रदेश में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रही विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस विधायक सहित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (विधानसभा किशनगढ़ -बास) को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 12 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक निर्धारित थी, लेकिन इस दौरान नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रोल मैन्युअल-2023 के पैरा 11.3.2 (2) के अनुसार बल्क में आवेदन स्वीकार नहीं किए जा सकते। व्यक्तिगत मतदाता केवल एक ही फॉर्म प्रस्तुत कर सकता है, वहीं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 प्रतिदिन अधिकतम 10 फॉर्म ही जमा कर सकते हैं। इसके बावजूद एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा एसडीएम कार्यालय में नियमों के विपरीत एक ही दिन में सैकड़ों से लेकर हजारों की संख्या में फॉर्म-6 और फॉर्म-7 जमा किए जाने की जानकारी सामने आई है।
कांग्रेस का कहना है कि कई आवेदनों में मतदाता की संपूर्ण जानकारी, मोबाइल नंबर,आवश्यक साक्ष्य और अंडरटेकिंग भी संलग्न नहीं है, जो निर्वाचन आयोग के स्पष्ट निर्देशों का उल्लंघन है। पार्टी ने मांग की कि ऐसे सभी नियम विरुद्ध जमा फॉर्म-6, 7 एवं 8 पर किसी प्रकार का संज्ञान न लिया जाए।
साथ ही कांग्रेस ने नियमानुसार अब तक जमा किए गए फॉर्म-6, 7 और 8 की संकलित सूची उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन में नियम विरुद्ध आवेदन प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करने का भी आग्रह किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी से इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर निष्पक्ष व पारदर्शी कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की।
 अति. जिला कलक्टर शिवपाल जाट को ज्ञापन देने वालों में विधायक दीपचंद खैरिया,प्रधान बी पी सुमन,ब्लाक अध्यक्ष खैरथल शिवचरण गुप्ता, ब्लाक अध्यक्ष किशनगढ़ बास संस्कार अग्रवाल, संदीप पाटील, गिरीश डाटा मौजूद रहे!
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button