
झूलनोत्सव: श्रीराम के दरबार में बिखरने लगी सावन की छटा, भव्य महल में भाइयों सहित रजत हिंडोले पर विराजे रामलला
अयोध्या । अयोध्या में सावन महीने में होने वाले झूलनोत्सव की धूम है। श्रीराम के दरबार में भी सावन की छटा बिखरने लगी है। नाग पंचमी पर भव्य महल में रामलला भाइयों सहित रजत हिंडोले पर विराजमान हुए।
रामनगरी अयोध्या में विराजमान रामलला के दरबार में भी मंगलवार से सावन की छटा बिखरने लगी है। नव्य-भव्य मंदिर में रामलला भाइयों समेत रजत हिंडोले पर विराजित किए गए। श्रावण शुक्ल पंचमी पर मंदिर के अर्चक ने विधि विधान पूर्वक पूजन-अर्चन के साथ रामलला सहित चारों भाइयों को रजत जड़ित हिंडोले पर विराजित किया।
रामलला को विशेष भोग भी लगा। हिंडोले पर विराजे रामलला को निहारने के लिए भक्तों में होड़ रही। दर्शन कर भक्त निहाल होते रहे। सुबह सवा छह बजे की आरती के बाद जैसे ही गर्भगृह का पट खुला तो रामलला के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।


