ललितपुर
फॉच्र्युनर की अंधी रफ्तार ने पल्सर सवार को मारी टक्कर
शिवेन्द्र यादव की हुयी मौत, अन्नू व शंकर झांसी रेफर

विधायक के पुत्र पर घटना को अंजाम देने का आरोप
ग्रामीणों में पनपा आक्रोश, जाखलौन-ललितपुर मार्ग पर लगाया जाम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। न्यू कार की अंधी रफ्तार और शराब के सर चढ़कर बोल रहे नशे ने एक युवक की जान ले ली। देर रात हुये सड़क हादसे में जहां एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो युवक जो कि जिन्दगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कार की अंधी रफ्तार इतनी भयावह थी कि बाइक में टक्कर लगते ही कार के सभी एयरबैग खुल गये। घटना को अंजाम देकर कार चालक जो कि विधायक का छोटा पुत्र बताया जा रहा है के साथ सवार चार अन्य लोग भी मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, तो वहीं दो गंभीर रूप से घायल युवाओं को झांसी मेडीकल कॉलेज भेजा गया है।
दरअसल, थाना जाखलौन क्षेत्रांतर्गत ग्राम बरखेरा में रहने वाला शिवेन्द्र यादव अपनी पल्सर मोटर साइकिल नं. यू.पी.94 ए.ए. 0048 से गांव के अन्नू पुत्र रतिभान यादव व शंकर पुत्र इमरत सिंह के साथ कीर्तन में शामिल होने गये थे। रात करीब 11.30 बजे शिवेन्द्र यादव अपने गांव के अन्नू व शंकर के साथ सड़क किनारे पल्सर बाइक पर बैठ रहे थे। इसी बीच जाखलौन की ओर से अंधी रफ्तार से भागती हुयी आ रही फॉच्र्युनर कार के चालक ने सड़क किनारे खड़े शिवेन्द्र, अन्नू व शंकर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का बोनट पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इतना ही नहीं बाइक के भी परखच्चे उड़ गये। मौके पर शिवेन्द्र यादव, अन्नू व शंकर गंभीर रूप से घायल हो गये। भीषण टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। इसी बीच कार चला रहे सिविल लाइन निवासी अपने चार अन्य साथियों के साथ कार से उतरे। ग्रामीणों का आरोप है कि कार सवार शराब के नशे में धुत्त थे और हथियारों से लैस थे। लिहाजा, उक्त लोग ग्रामीणों को देखकर धमकाते हुये भाग निकले। इधर ग्रामीणों ने घायल पड़े तीनों युवाओं को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान वहां मौजूद चिकित्सक ने शिवेन्द्र यादव को मृत घोषित कर दिया, तो वहीं अन्नू व शंकर की हालत बेहद नाजुक देखते हुये बेहतर उपचार के लिए झांसी मेडीकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
शिवेन्द्र के चाचा ने दी थाने में तहरीर
बरखेरा गांव में रहने वाले राजपाल पुत्र रामसिंह ने जाखलौन पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका भतीजा शिवेन्द्र गाड़ी स्टार्ट कर रहा था, जबकि उसके साथ अन्नू व शंकर बाइक पर बैठ रहे थे। इसी बीच फॉच्र्युनर कार ने अंधी रफ्तार से आकर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शिवेन्द्र की मौत हो गयी, जबकि अन्नू व शंकर को उपचार के लिए झांसी मेडीकल कॉलेज भेजा गया है। राजपाल का आरोप है कि घटना के समय फॉच्र्युनर कार को तेजी से चला रहा था।
ग्रामीणों ने लगाया जाम
घटना के बाद मंगलवार की सुबह ग्रामीणों मेें आक्रोश पनप गया और उन्होंने जाखलौन- ललितपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिये। परिजनों की मांग थी कि सख्त कार्यवाही की जाये।
इनका कहना है
सोमवार रात ग्राम बरखेरा के पास एक फॉच्र्युनर कार ने पल्सर मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार शिवेन्द्र की मौत हो गयी, जबकि अन्नू व शंकर को गंभीर हालत में झांसी मेडीकल कॉलेज रेफर किया गया है। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। जांच की जा रही है और अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।
कालू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, ललितपुर


