शामली
कांधला देहात की बदहाली से लेकर विकास के एजेंडे तक
सपा में शामिल हुए प्रधान प्रत्याशी गय्यूर हसन, अखिलेश यादव से की सीधी चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। देहात क्षेत्र से प्रधान पद के प्रत्याशी गय्यूर हसन ने लखनऊ स्थित विक्रमादित्य मार्ग पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर सपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर सांसद इकरा हसन व उनकी माता पूर्व सांसद तबस्सुम हसन भी उनके साथ मौजूद रहीं। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गय्यूर हसन सहित उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कांधला देहात के विकास को लेकर गंभीर मंथन हुआ। गय्यूर हसन ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को क्षेत्र की जमीनी समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि कांधला देहात की अधिकांश सड़कें आज भी कच्ची हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे किसानों, छात्रों और मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं जैसे पक्की सड़कें, जल निकासी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की सख्त जरूरत है। गय्यूर हसन ने भरोसा जताया कि समाजवादी पार्टी की नीतियां और नेतृत्व ग्रामीण विकास को नई दिशा देने में सक्षम हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांधला देहात के विकास संबंधी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी हमेशा गांव, गरीब और किसानों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करेगी।उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर विकास तभी संभव है जब स्थानीय नेतृत्व मजबूत और जनता से जुड़ा हो। इस राजनीतिक घटनाक्रम को कांधला देहात की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गय्यूर हसन के सपा में शामिल होने से क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और आगामी पंचायत चुनावों में इसका असर देखने को मिल सकता है। साथ ही, ग्रामीणों में भी विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है। इस दौरान मुबारक जंग, सरवेज झारा, फारूख जंग, वासिफ, सोनू, फुरकान अंसारी, आशु, गुलजार सिद्दीकी, हुस्ने आलम सहित आदि मौजूद रहे।


