अमरोहा

अमरोहा बर्खास्त फर्जी सिपाही ने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म किया, गिरफ्तार

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
अमरोहा  के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक बर्खास्त फर्जी पुलिस सिपाही ने एक युवती को प्रेम के जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता की तहरीर के अनुसार, आरोपी अखिलेश कुमार (निवासी गांव नंगला चमरू, गौतम बुद्ध नगर) करीब तीन साल पहले हसनपुर कोतवाली में तैनात था। उस दौरान एक पारिवारिक मामले में मदद करने के बहाने वह युवती के घर आने-जाने लगा।
युवती ने बताया कि उसकी मां का देहांत हो चुका है और पिता व भाई मजदूरी के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहते हैं। इसी अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब युवती ने पहले शादी करने की शर्त रखी, तो आरोपी ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म कर दिया।
विरोध करने पर आरोपी ने अपनी वर्दी का रौब दिखाते हुए युवती को धमकी दी कि वह उसके पिता और भाई को झूठे मुकदमे में फंसा देगा या उन्हें जान से मरवा देगा।
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी अखिलेश कुमार असल में फर्जी सिपाही था। उसने फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्रों के आधार पर पुलिस विभाग में नौकरी हासिल की थी। आरोपी के सगे चाचा ने ही डीजीपी को साक्ष्यों सहित पत्र भेजकर उसकी पोल खोली। जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने के बाद उसे अमरोहा देहात थाने में तैनाती के दौरान सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी अखिलेश कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने तत्परता से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button