ललितपुर
77वें गणतंत्र दिवस पर राज्यमंत्री ने पुलिस लाइन्स से फहराया तिरंगा
जिलाधिकारी ने कलैक्ट्रेट में तिरंगा फहरा कर संविधान के संकल्प का कराया स्मरण

आज का दिन देश की आजादी दिलाने वालों और संविधान निर्माताओं को नमन करने का दिन है : जिलाधिकारी
महापुरुषों व वीर सपूतों की प्रतिमाओं पर किया गया माल्यार्पण, तिरंगा रोशनी से जगमग हुए सरकारी भवन
देशभक्ति गीतों व कविताओं के माध्यम से आजादी का बताया महत्व
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शासन के निर्देशानुसार जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस पूरी भव्यता एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किये गए। तत्पश्चात ध्वजारोहण कर संविधान के संकल्प का स्मरण किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सुबह घण्टाघर स्थित महात्मा गांधी एवं चन्द्रशेखर आजाद, सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इसके उपरान्त उन्होंने कैम्प कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान एवं उपस्थित अधिकारियों तथा कर्मचारियों को संविधान में उल्लखित संकल्प का स्मरण कराया तथा भारत की एकता, अखण्डता, समरसता व विकास पर न्यौछावर रहने की शपथ दिलायी।
तदोपरान्त कलेक्ट्रेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधीजी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया, साथ ही संविधान में उल्लिखित संकल्प का स्मरण किया गया। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं के द्वारा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत भारत की धरती के वीर दो जवान, एक है जवान एक है किसान एवं भारत महान है गीत प्रस्तुत किया गया, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा छात्राओं को पुरस्कार व मिष्ठान भेंट किया। डीएम ने कहा कि आज ही के दिन 26 जनवरी 1950 को हमारे संविधान को आत्मसात किया गया, जिसके तहत भारत देश को एक लोकतांत्रिक, संप्रभु और गणतंत्र देश घोषित किया गया। देश को आजादी दिलाने वालों और संविधान निर्माताओं को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम अपने पद पर रहते हुए समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाये। उन्होंने कहा कि 80 से 90 के दशक तक कई पश्चिमी विकसित देश ऐसे थे, जिनमें हर व्यक्ति को सभी अधिकार प्राप्त नहीं थे, यहां तक की महिलाओं और इनकम टैक्स न देने वालों को मतदान का अधिकार नहीं था, उन्हें अपने ही देश में सिविल वॉर लडऩा पड़ा, तब जाकर उन्हें बराबर का अधिकार मिला। वहीं हमारे संविधान ने सभी को, चाहे वो किसी भी वर्ग, जाति, पुरुष अथवा महिला सभी को बराबर का अधिकार मिला है।
एडीएम वित्त/राजस्व अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि आज के दिन हमें प्रण लेना चाहिए कि हमारे संविधान निर्माताओं ने जो अपना हमारे लिए देखा था, उसको हम उस दिशा में लेकर जाएं। अमय के साथ चले और तकनीक को सीखते रहें। एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। एडीएम न्यायिक अधिक कुमार यादव ने कहा कि आज के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था, आज संविधान बनाने वाले उन सभी महापुरुषों को नमन करने का दिन है। आज संकल्प लें कि हम ऐसा कोई काम न करें जो संविधान के विरुद्ध हो।
प्रशासनिक अधिकारी अनिल कुमार दीक्षित ने कहा कि जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व में आगामी वर्षों में जनपद के विकास को पंख लगने वाले हैं, एयरपोर्ट, बल्क ड्रग फार्मा पार्क, सड़कों का चौड़ीकरण और पुलों का निर्माण आदि पर अपने विचार रखे। वीरेंद्र जैन ने संविधान के दिशा निर्देश और जिलाधिकारी द्वारा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता के बारे में बताया। कवि रमेश पाठक ने मनाओ आज सभी गणतंत्र, रहे न कोई यहां परतंत्र एवं ललितपुर दर्शन- धन्य ललितपुर पावन भूमि इसको सौ सौ बार नमन गीत की प्रस्तुतियां दी। इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के कमचारियों एवं आपदा मित्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
इसके उपरांत पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस पर पुलिस परेड, पुलिस बैंड/वाहन रैली व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा पदक से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री मनोहर लाल ने मुख्य अतिथि के रुप में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और संविधान की शपथ दिलायी। उन्होंने शान्ति, सौहार्द एवं समृद्धि के प्रतीक रगंबिरंगे गुब्बारों को आकाश की ओर छोड़ते हुए पुलिस वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान सदर विधायक रामरतन कुशवाहा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस जवानों ने पैदल व मोटरसाईकिल दस्ता, अग्निशमन दस्ता, शक्ति मोबाइल टीम, वज्र वाहन, एसओजी, यूपी 112, रेडिया वाहन के साथ होमगार्ड व एनसीसी कैडिड्स ने शानदान परेड की, जिस पर पुलिस लाइन्स तालियों की गड़-गड़ाहट से गूंज उठी। राज्यमंत्री ने कहा कि आज का यह दिन केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का ही नहीं, बल्कि संविधान के प्रति अपनी आस्था का लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता का और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को दोहराने का दिन है। भारत रत्न, संविधान निर्माता डा.भीमराव अम्बेडकर द्वारा रचित विश्व के सबसे बड़े हमारे संविधान ने गरीबों को अधिकार, श्रमिकों को सम्मान, किसानों को सुरक्षा, महिलाओं को समानता और युवाओं को अवसर प्रदान किये हैं। उन्होंने सरकार द्वारा गरीब, असहाय, महिलाओं, बच्चों, किसानों, युवाओं के लिए उनसे सम्बंधित क्षेत्रों में किये गए सकारात्मक कार्यों के बारे में बताया, साथ ही जिलाधिकारी ललितपुर की प्रसंशा करते हुए जनपद के विकास के लिए उनके द्वारा कराये जा रहे विकास कार्यों को भी मंच से साझा किया। इस दौरान एसपी मो.मुश्ताक, एएसपी कालू सिंह, प्रतिसार निरीक्षक के अलावा सभी पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे व होमगार्ड एवं एनसीसी के बच्चे उपस्थित रहे।



