पाकुड़ में 1968 से चली आ रही गणतंत्र दिवस साइकिल रेस परंपरा कायम, हजारों दर्शकों की रही मौजूदगी
The Republic Day cycle race tradition, which dates back to 1968, continues in Pakur, with thousands of spectators in attendance.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ प्रखंड सदर अंतर्गत खेल एवं सुरक्षा कमिटी, संग्रामपुर द्वारा सिदु–कान्हू स्टेडियम, जोगीगाड़िया (तिलभीटा, संग्रामपुर) में वर्ष 1968 से लगातार गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली साइकिल रेस प्रतियोगिता इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुई। आयोजन में हजारों से अधिक दर्शकों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सव के माहौल में नजर आया। कार्यक्रम के तहत इस वर्ष 25 जनवरी को कुश्ती प्रतियोगिता एवं आसपास के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। साइकिल रेस प्रतियोगिता में रणडांगा निवासी सोइबुर शेख ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं कुश्ती प्रतियोगिता में पाकुड़ के पहलवान सागर ने प्रथम स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में मदरसा सिराजुल उलूम, नरोत्तमपुर के अब्दुर रहमान एवं अबुल कलाम आज़ाद अकैडमी की छात्रा आयेशा खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल की छात्रा सोमा कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी अजहर इस्लाम ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सिदु–कान्हू स्टेडियम के विकास हेतु वे हर संभव सहयोग एवं योगदान देंगे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। द्वितीय मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता श्री जेम्स सुरीन ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण स्वरूप क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन कमिटी अध्यक्ष जेड.एच. विश्वास एवं पूर्व सचिव डॉ. मोतिउर रहमान ने किया, जिन्होंने मंच संचालन से दर्शकों को बांधे रखा। आयोजन के दौरान 800, 400, 200 व 100 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, हांड़ी फोड़, नींबू दौड़, गणित दौड़, बाइक स्लो रेस सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मौके पर कमिटी के महासचिव मो. अशफाक आलम, सचिव रहमान शेख, सह सचिव अंजारुल शेख, कोषाध्यक्ष मंजारुल शेख सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।



