रेलवे, पत्थर व्यवसायियों व झामुमो नेताओं की कोलकाता में उच्चस्तरीय बैठक, रेल सेवाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बनी सहमति
High-level meeting of railway, stone traders and JMM leaders in Kolkata, consensus reached on several key issues related to rail services and infrastructure

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
कोलकाता/ पाकुड़ – साहिबगंज। झामुमो के केन्द्रीय सचिव सह- प्रवक्ता पंकज मिश्रा के आह्वान पर साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में पत्थर व्यवसायियों के सहयोग से रेलवे में पत्थर एवं कोयला की रैक लोडिंग का कार्य बंद किए जाने के बाद मंगलवार को इस मामले को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन कोलकाता में किया गया। बैठक में ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) मिलिंद देउश्कर, झामुमो के केन्द्रीय सचिव सह- प्रवक्ता पंकज मिश्रा, महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, झामुमो केन्द्रीय समिति सदस्य संजय गोस्वामी सहित क्षेत्र के कई प्रमुख पत्थर व्यवसायी उपस्थित रहे। बैठक में रेलवे से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद झामुमो के केन्द्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। इनमें पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव, साहिबगंज में पूर्वी एवं पश्चिमी आरओबी (रेल ओवरब्रिज) के टेंडर शीघ्र जारी करने, पाकुड़ से भागलपुर के लिए एक लोकल ट्रेन उपलब्ध कराने (जो दिल्ली जाने वाली ट्रेन से कनेक्ट होगी) जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावे पाकुड़ में बंद पड़े एक्सीलेटर को पुनः चालू करने, साहिबगंज में लोको शेड/लोको सेट निर्माण, वनांचल एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी का एक पूरा कोच जोड़ने सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। झामुमो नेताओं ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के व्यवसाय, रोजगार और आम जनता की सुविधा से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी गंभीर है और रेलवे के साथ समन्वय बनाकर जल्द से जल्द ठोस समाधान सुनिश्चित किया जायेगा। बैठक को सकारात्मक और सार्थक बताते हुए उम्मीद जताई गई कि आने वाले दिनों में इन निर्णयों का धरातल पर प्रभाव दिखेगा।



