बेतुल
बैतूल आज के बच्चे ही भविष्य के राष्ट्र निर्माता: नीलम उबनारे
सम्राट अशोका इंटरनेशनल स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। सम्राट अशोका इंटरनेशनल स्कूल, हमलापुर बैतूल में 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को हर्षोल्लास एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नीलम उबनारे ने ध्वजारोहण कर उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आलोका ट्रस्ट के आजीवन सदस्य एवं विद्यालय संचालक श्री कमलेश उबनारे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमलेश उबनारे ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 26 जनवरी का दिन भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा भारतीय संविधान निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान की विस्तार से जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को शिक्षा को जीवन का आधार बताते हुए उसे अपनाने का संदेश दिया।
प्राचार्य श्रीमती नीलम उबनारे ने अपने संबोधन में संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, मूल कर्तव्यों एवं नागरिकों की देश और संविधान के प्रति जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही भविष्य के राष्ट्र निर्माता हैं, जो आने वाले समय में देश की उन्नति में सहभागी बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा अनुशासित जीवन अपनाने की अपील की।
उन्होंने विद्यालय के समस्त शिक्षक साथियों से संस्था के प्रति निष्ठा एवं समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। छात्रों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं भाषणों के माध्यम से समां बांध दिया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।




