कैराना
मिशन शक्ति 5.0: महिलाओं और छात्राओं को अपराध से बचाव के लिए जागरूक किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत थाना क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो स्क्वाड ने महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को उनके सुरक्षा अधिकारों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम प्रभारी निरीक्षक पिंकी गोस्वामी ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया, जैसे वूमेन पावर लाइन-1090, यूपी-112, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, और साइबर क्राइम हेल्पलाइन-1930। इसके अलावा, साइबर अपराध, डिजिटल ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसी धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। कैराना की महिला बीट अधिकारी सनोज व स्वाति ने महिलाओं को मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, और सरकार द्वारा दी जा रही सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, नारी सुरक्षा योजना, और महिला हेल्प डेस्क के बारे में भी बताया गया। उपनिरीक्षक शिल्पी ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी संकट या अपराध की स्थिति में वे बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें। मिशन शक्ति प्रभारी पिंकी गोस्वामी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और समाज में सुरक्षित माहौल तैयार करना है। प्रभारी निरीक्षक पिंकी गोस्वामी के प्रयासों से महिलाओं में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।