कैराना
खनन प्वाइंट पर दबंगों का हमला, फायरिंग कर फैलाई दहशत,मुकदमा दर्ज
चालक से मारपीट, विरोध पर संचालक पर जानलेवा हमला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना गांव मण्डावर में स्थित खनन प्वाइंट पर शनिवार रात दबंगों ने तमंचे और लाठी-डंडों के बल पर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि हमलावरों ने ट्रक चालक से मारपीट की और खनन संचालक से रंगदारी की मांग करते हुए फायरिंग कर दी। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के सोनीपत जनपद निवासी नीरज मलिक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मण्डावर स्थित रेत खनन प्वाइंट का संचालन कर रहे हैं। आरोप है कि शनिवार रात करीब आठ बजे गांव मण्डावर निवासी महरबान, जुनैद, हारुन,आवेश, इंतजार, शाहरुख, अल्ताफ, आरिफ, तसव्वर, अफसर समेत अन्य लोग 5-6 अज्ञात व्यक्तियों के साथ खनन प्वाइंट पर पहुंचे। उनके हाथों में तमंचे व लाठी-डंडे थे। आरोप है कि हमलावरों ने वहां खड़ी गाड़ी संख्या HR69E0714 के चालक संदीप निवासी सोनीपत के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही धमकी दी कि यदि उन्हें पैसे नहीं दिए गए तो रेत की खान नहीं चलने देंगे। नीरज मलिक के अनुसार, जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली से वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
