शामली
चेकिंग के दौरान दो मादक पदार्थ तस्कर दबोचे, गांजा, अवैध तमंचा व कार बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान अंबेहटा नहर पटरी से दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार किलो आठ सौ ग्राम गांजा, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक कार बरामद की है।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने अपने नाम आदिल पुत्र याकूब निवासी मवी एवं नावेद पुत्र मुन्शाद निवासी पजीठ थाना कैराना बताए हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में गांजा तस्करी में संलिप्त बताए जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के निर्देशन में क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने अंबेहटा नहर पटरी पर संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में गांजा व अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस मादक पदार्थ तस्करों के अपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी हुई है और जानकारी कर रही है की आरोपी तस्कर गांजा कहां से लाए थे और कहां बेचने जा रहे थे। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि चेकिंग के दौरान दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। दोनों तस्करों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया।



