न्यायालय के आदेश पर ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

उत्तरकाशी : उत्तरकाशी के विकास खंड पुरोला की नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व विधायक मालचंद की पुत्रवधू निशिता शाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को थाना पुरोला में निशिता शाह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 212, 216, 229(2) एवं 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है। जांच के दौरान यह स्पष्ट होना शेष है कि लगाए गए आरोपों में कितनी तथ्यात्मकता है और मामले की वास्तविक स्थिति क्या है।
गौरतलब है कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रमाण पत्र से जुड़े एक प्रकरण को लेकर ब्लॉक प्रमुख बनने के बाद से ही निशिता शाह विवादों में घिरी हुई हैं। इस प्रकरण से जुड़े वित्तीय अधिकारों के सीज किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह ने कहा कि उनके विरुद्ध पहले से ही आधा दर्जन से अधिक मामले विभिन्न न्यायालयों एवं माननीय उच्च न्यायालय में लंबित हैं, जिनमें वे नियमानुसार न्यायालय में उपस्थित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि एक ही मामले को बार-बार अलग-अलग स्तरों पर उलझाया जा रहा है, जिसकी मंशा समझ से परे है।
निशिता शाह ने कहा,
“मुझे बार-बार परेशान किया जा रहा है, लेकिन मुझे न्यायालय पर पूरा विश्वास है। मैं न्यायालय का पूरा सम्मान करती हूं, दूध का दूध और पानी का पानी होगा।”
मामले में निशिता शाह के ससुर एवं पूर्व विधायक मालचंद ने भी न्यायालय पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और राजनीतिक विरोधियों को अपनी जमीन खिसकती नजर आ रही है। इसी कारण उन्हें कानूनी मामलों में उलझाकर परेशान किया जा रहा है।
पुरोला थाना अध्यक्ष दीपक कठैत ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है और जांच पूर्ण होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



