ट्रोले में घुसी बस माँ बेटे व ड्राइवर सहित चार की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में आगरा जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर सेवर थाना क्षेत्र में बीती रात करीब 2.30 बजे हुए एक सड़क हादसे में एक निजी स्लीपर बस के ड्राइवर सहित चार जनों की मौत हो गई। जबकि हादसे में पाँच यात्री घायल हो गए। बस कासगंज (उत्तर प्रदेश) से जयपुर जा रही थी। मृतको में उत्तरप्रदेश निवासी माँ बेटे भी शामिल है। मृतको की पहचान बस में सवार उत्तरप्रदेश के मथुरा अंतर्गत सतोवा निवासी गीता (38) और उनके बेटे कान्हा (8), अलवर के कठूमर निवासी बस ड्राइवर मक्खन सिंह (28) व उत्तरप्रदेश के कासगंज निवासी मुस्लिम (40) के रूप में हुई है जिनके शव भरतपुर के आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर सेवर थाना क्षेत्र के लुधावई में सेवर पुल पर आगे चल रहे ट्रेलर में घुसी बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाल घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे की जानकारी के बाद जिला कलेक्टर कमर चौधरी एवं जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने मौके पर पहुच हालात का जायजा लेते हुए घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात कर इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए है।



