कैराना
इंस्टाग्राम पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाला तमंचे सहित गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और शातिर बदमाश को सलाखों के पीछे भेज दिया। ग्राम तितरवाड़ा में जानलेवा हमले और इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट कर भय व आतंक फैलाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी सोनिज उर्फ सोनी को कैराना पुलिस ने अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के आदेश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना के नेतृत्व में यह बड़ी सफलता हासिल की गई। गिरफ्तार अभियुक्त सोनिज उर्फ सोनी पुत्र इरशाद, निवासी ग्राम मण्डावर, थाना कैराना, लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का दुरुपयोग करते हुए अवैध हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट कर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा था। साथ ही वह ग्राम तितरवाड़ा में हुए जानलेवा हमले की घटना में भी शामिल था। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गौरतलब है कि इससे पूर्व इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन सोनिज उर्फ सोनी फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। पकड़े गए अपराधी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ कैराना थाने में मारपीट, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और आईटी एक्ट सहित आठ गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह आदतन अपराधी है और क्षेत्र की शांति भंग करने में उसकी भूमिका रही है। कैराना पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा।
