शामली
बाईपास किनारे अलीपुरा की गलियां बनी दलदल, स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे के बाईपास स्थित मौहल्ला अलीपुरा की गलियों में फैले कीचड़ ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि रोजमर्रा के कामकाज के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों को भी घुटनों तक धंसते रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद ग्राम पंचायत स्तर पर अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
चौसाना बाईपास पर अलीपुरा मौहल्ले की गलियों में इन दिनों हर तरफ कीचड़ ही कीचड़ नजर आ रहा है। बरसात का पानी निकलने का रास्ता न होने के कारण गली में दलदली हालात बन गए हैं। लोग घर से बाहर निकलते समय फिसलने के डर से सहमे रहते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चे जूते-चप्पल हाथ में लेकर किसी तरह सूखी जगह तलाशते हुए निकलते हैं, फिर भी उनके कपड़े गंदे हो जाते हैं। इससे अभिभावकों में भी नाराजगी है।
ग्रामीण लील्ला, लुकमान, रहिश, इकराम, सराफत, नौसाद, कय्युम, रहमली, मोमिन और गफ्फार समेत कई लोगों का कहना है कि गली की हालत लंबे समय से खराब है। ग्राम पंचायत को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। अगर जल्द पक्का निर्माण या खड़ंजा नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो जाएगी, क्योंकि थोड़ी सी बरसात में ही पूरी गली दलदल बन जाती है।
ग्राम सचिव राहुल कुमार ने बताया कि यह सड़क पहले काफी नीची थी, जिसे ऊंचा करने के लिए मिट्टी डलवाई गई है। पिछले दो दिनों की बारिश के कारण कीचड़ की समस्या हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां खड़ंजा लगवाने की कार्रवाई कराई जाएगी।


