
एनसीईआरटी अजमेर में उत्तर भारत के 10 राज्यों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में करेंगी सहभागिता
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। जनपद की शिक्षा जगत के लिए गर्व का क्षण है कि राजकीय हाई स्कूल सूप की अध्यापिका एवं एसआरजी विज्ञान नीतू कुमरा का चयन राष्ट्रीय स्तर के शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए किया गया है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), नई दिल्ली के क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान अजमेर में आयोजित होने वाले उत्तर भारत के 10 राज्यों के शिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से चुने गए छह राज्य संदर्भदाता समूह (एसआरजी) शिक्षकों में नीतू कुमरा भी शामिल हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम “कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम फॉर एसआरजी ऑफ नॉर्दर्न रीजन ऑन एक्सपीरिएंशियल लर्निंग एट सेकेंडरी स्टेज इन द कॉन्टेक्स्ट ऑफ एनईपी-2020” विषय पर आधारित है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माध्यमिक स्तर पर अनुभव आधारित शिक्षण पद्धति को प्रभावी ढंग से लागू करना और नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षकों की क्षमता को और सशक्त बनाना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षक आधुनिक शिक्षण तकनीकों, प्रयोगात्मक शिक्षा और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने वाले तरीकों से परिचित होंगे।
नीतू कुमरा जनपद बागपत में विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे एसआरजी विज्ञान के रूप में कार्यरत हैं और इंस्पायर अवार्ड योजना की प्रेरक शिक्षिका भी हैं। इसके अतिरिक्त वे जनपद स्तरीय विज्ञान की मास्टर ट्रेनर तथा “करियर गाइडेंस प्रोग्राम फॉर गर्ल्स” में जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दे चुकी हैं। उनके प्रयासों से कई छात्र-छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने नीतू कुमरा के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है बल्कि पूरे जनपद बागपत और शिक्षा विभाग के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा जताई कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव और ज्ञान का लाभ जिले के विद्यार्थियों को भी मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार आएगा।
जनपद के शिक्षकों और शिक्षा अधिकारियों ने भी नीतू कुमरा को शुभकामनाएं देते हुए इसे बागपत की शैक्षिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने वाला कदम बताया है।



