जनसंवाद के द्वारा जनता के साथ संवाद में मनवीर चौहान नें दिखाई शक्ति व मजबूती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : चिन्यालीसौड़ में आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान कार्यालय परिसर और आसपास का क्षेत्र समर्थकों की भीड़ से भरा रहा।
राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी यमुनोत्री विधानसभा चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। ऐसा समझा जा रहा है कि मनवीर चौहान भारतीय जनता पार्टी से यमुनोत्री विधानसभा सीट पर चुनावी दावेदारी पेश कर सकते हैं। ऐसे में चिन्यालीसौड़ में हुआ यह कार्यक्रम उनके संभावित चुनावी अभियान की शुरुआत और शक्ति परीक्षण के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों और संगठन को मजबूत करने को लेकर अपनी बात रखी। वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह नजर आया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टिकट की दौड़ में भाजपा के भीतर प्रतिस्पर्धा के बीच मनवीर चौहान का यह जन संवाद संगठनात्मक मजबूती का संदेश देता है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में नेतृत्व कर रही भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संगठन आगामी चुनावों को लेकर लगातार ज़मीनी गतिविधियाँ तेज कर रहा है। इसी क्रम में चिन्यालीसौड़ का यह कार्यक्रम यमुनोत्री क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल के संकेत दे रहा है।



