कैराना
श्मशान घाट से अस्थियां उठाने का आरोप, झाडखेड़ी गांव में तनाव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। ग्राम झाडखेड़ी में श्मशान घाट से अस्थियां जबरन उठाए जाने का मामला सामने आने से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली कैराना में तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी गोपाल के अनुसार, उसके पिता मिथन सिंह का निधन 29 जनवरी को हुआ था। उसी दिन परिजनों द्वारा गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। 30 जनवरी को जब गोपाल अपने परिजनों एवं ग्रामीणों के साथ अस्थि संग्रह के लिए श्मशान घाट पहुंचा, तो वहां अस्थियां अस्त-व्यस्त अवस्था में पाई गईं ग्रामीणों के अनुसार, 29 जनवरी की सुबह लगभग 11 बजे कलसूम पत्नी शब्बीर अपने कुछ साथियों के साथ श्मशान घाट पहुंची और वहां रखी अस्थियां जबरन उठाकर अपने साथ ले गई।आरोप है कि ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने के बावजूद अस्थियां वापस नहीं की गईं। घटना से पीड़ित परिवार सदमे में है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक की अस्थियों के साथ की गई इस हरकत से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। गांव में आक्रोश व्याप्त है तथा किसी भी समय अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने एवं अस्थियां बरामद कराकर सौंपने की मांग की है, ताकि वह अपने पिता की अस्थियों को विसर्जित कर सके। इस संबंध में कोतवाली कैराना पुलिस का कहना है कि शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद ग्राम ऊंचागांव के महाराज डॉ. योगी गौतम नाथ सैकड़ों ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री से मुलाकात कर शीघ्र खुलासा करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस पर प्रभारी निरीक्षक ने शीघ्र खुलासा कर आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फोटोनम्बर 2