बरेली
श्री राम कथा के पांचवें दिन ज्ञान-भक्ति का संगम
नारद मुनि प्रसंग व तारकासुर संहार की गाथा से भावविभोर हुए श्रद्धालु

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। स्वामी डॉ. उमाकांतानंद सरस्वती महाराज द्वारा आयोजित श्री राम कथा के पांचवें दिन कथा स्थल भक्ति और ज्ञान के भाव से सराबोर रहा। मुख्य प्रसंग में महाराज जी ने नारद मुनि की कथा, कैलाश पर्वत पर भगवान कार्तिकेय व श्री गणेश की उत्पत्ति तथा तारकासुर के संहार का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने जीवन में ज्ञान, भक्ति और धैर्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यही तत्व मानव जीवन को सार्थक बनाते हैं।
यह श्री राम कथा डिवाइन श्री राम इंटरनेशनल चेरिटेबल ट्रस्ट, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। परम पूज्य श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. उमाकांतानंद सरस्वती जी महाराज शाश्वतम् फाउंडेशन के संस्थापक भी हैं। उन्होंने 12 वर्ष की आयु में गुरु दीक्षा प्राप्त कर 16 वर्ष में गृह त्याग कर कठिन तपस्या की। विगत 25 वर्षों से वे रामायण, गीता, श्रीमद्भागवत, वेद, उपनिषद तथा भारतीय संस्कृति के विविध विषयों पर प्रवचन करते आ रहे हैं। वर्ष 1999 में दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित विश्व धर्म सभा में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व भी किया।
आज की श्री राम कथा के पांचवें दिवस के यजमान प्रदीप सिंह चौहान रहे। कथा आयोजन में पूजा सेवा संस्थान, बरेली, रोटरी क्लब ऑफ बरेली नॉर्थ, आर्ट एरेना, बरेली एवं श्री हरि मंदिर प्रबंध समिति, बरेली का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। श्री राम कथा 28 जनवरी से 03 फरवरी 2026 तक श्री हरि मंदिर, मॉडल टाउन, बरेली में प्रतिदिन आयोजित की जा रही है।
मुख्य संयोजकों में शाश्वतम् परिवार बरेली, पूजा सेवा संस्थान के चेयरमैन पी.पी. सिंह (पूर्व रोटरी गवर्नर), संजय अग्रवाल (प्रबंध निदेशक, आर्ट एरेना) तथा रविशरण सिंह चौहान (प्रधानाचार्य एवं संयोजक, गंगा समग्र तटप्रांत ब्रज प्रदेश) शामिल हैं। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ बरेली नॉर्थ, इनर व्हील क्लब ऑफ बरेली न्यू नॉर्थ की प्रेसिडेंट मालती देवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं शाश्वतम् परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।




