बेतुल
बैतूल ढप्पा में आज तय होगा राज्य स्तरीय क्रिकेट चैंपियन
ग्रामीण अंचल में पहली बार खिताबी महामुकाबला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्राम ढप्पा आज इतिहास रचने जा रहा है। ग्रामीण अंचल में पहली बार आयोजित हो रहे राज्य स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आज रविवार को खिताबी फैसला होगा, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह और रोमांच का माहौल है। यह आयोजन ढप्पा सहित पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बन गया है, क्योंकि इससे पहले कभी भी ग्रामीण क्षेत्र में इतने बड़े स्तर का क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित नहीं हुआ।
राज्य के विभिन्न जिलों से आए नामी और चर्चित क्रिकेट खिलाड़ियों की मौजूदगी ने इस टूर्नामेंट को खास बना दिया है। लगातार रोमांचक मुकाबलों के बाद अब आज वह दिन आ गया है, जब ढप्पा की में राज्य स्तरीय क्रिकेट चैंपियन का फैसला होगा। ग्रामीण परिवेश में इतने भव्य और व्यवस्थित आयोजन ने खेल प्रेमियों के साथ-साथ आम ग्रामीणों को भी क्रिकेट से जोड़ दिया है।
आज 1 फरवरी के मुकाबलों की शुरुआत सुबह 9 बजे क्वार्टर फाइनल से होगी, जिसमें सीताडोंगरी और घोड़ाडोंगरी की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी, जहां उसका सामना बाकुड़ टीम से होगा। इस सेमीफाइनल में जीत दर्ज करने वाली टीम फाइनल में पहुंचकर खिताब के लिए चुनौती पेश करेगी।
– सेमीफाइनल विजेता टीम से होगा ग्रीन वॉरियर्स बैतूल का सामना
दोपहर 1 बजे खेले जाने वाले महाफाइनल मुकाबले में ग्रीन वॉरियर्स बैतूल का सामना सेमीफाइनल विजेता टीम से होगा। खास बात यह है कि ग्रीन वॉरियर्स बैतूल जैसी मजबूत और चर्चित टीम पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है, जिससे खिताबी मुकाबले का रोमांच कई गुना बढ़ गया है। खेल प्रेमियों को आज एक के बाद एक हाई वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे।
– इन आयोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका
इस ऐतिहासिक आयोजन के पीछे युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कमलेश यादव की कड़ी मेहनत और समर्पण की हर ओर सराहना हो रही है।
स्थानीय नागरिकों और खेल प्रेमियों का कहना है कि यह टूर्नामेंट ग्राम ढप्पा की पहचान को प्रदेश स्तर तक ले जाने वाला साबित होगा। साथ ही यह आयोजन आने वाले समय में ग्रामीण युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करेगा।



