मेघालय के सभी कोयला खदान अवैध।
पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में हुई अवैध कोयला खदान विस्फोट की भयावह घटना में 18 लोगों की मौत।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के शहती क्षेत्र में अवैध कोयला खदान में हुए विस्फोट ने 18 लोगों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मेघालय में चल रहे अवैध कोयला खनन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि मेघालय में सरकार द्वारा संचालित या नीलामी के माध्यम से कोई भी कोयला खदान नहीं है। इसका मतलब है कि राज्य में चल रही सभी खनन गतिविधियां पूरी तरह अवैध हैं। उन्होंने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार को पूरे मामले पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में ऐसी कोई शोकपूर्ण घटना न हो। रेड्डी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कुछ माफिया गिरोह मेघालय में अवैध खनन चला रहे हैं। ये गिरोह साधारण मजदूरों को खतरे में झोंककर अपना स्वार्थ साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि चूंकि यहां केंद्र सरकार की कोई खदान नहीं है, इसलिए इसकी पूरी जिम्मेदारी मेघालय सरकार की है। मंत्री ने मेघालय सरकार से इस घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और अवैध कारोबार को तत्काल बंद करने का अनुरोध किया है। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक परिवार को 2 लाख रुपये की एकमुश्त सहायता की घोषणा की है। इस घटना ने मेघालय में लंबे समय से चली आ रही अवैध कोयला खनन की समस्या को फिर से उजागर कर दिया है और इसके खिलाफ तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता बढ़ा दी है।



