एनसीसी में उत्कृष्ट योगदान पर कैप्टन पाण्डेय को एडीजी अवार्ड
तीन कैडेट्स भी सम्मानित, दो को एडीजी और एक को बैज अवार्ड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के क्षेत्र में अनुशासन, नेतृत्व और समर्पित सेवा के लिए 1/22 झारखंड बटालियन एनसीसी, संत कोलंबा कॉलेज, हजारीबाग के कंपनी कमांडर कैप्टन डॉ. एस. के. पाण्डेय को वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित एडीजी अवार्ड सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, पटना में 5 फरवरी को आयोजित एक समारोह में दिया गया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अंडर ऑफिसर साक्षी सिन्हा एवं कॉरपोरल खुशी कुमारी को भी ‘एडीजी’ अवार्ड प्रदान किया गया, जबकि अंडर ऑफिसर सोनी कुमारी को एनसीसी महानिदेशक का ‘बैज’ देकर सम्मानित किया गया। सबको ‘प्रशस्ति पत्र’ से भी सम्मानित किया गया। एनसीसी बिहार एवं झारखंड निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल ए. एस. बजाज ने कैप्टन डॉ. पाण्डेय को प्रशस्ति पत्र एवं एनसीसी मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि कैप्टन डॉ. पाण्डेय इससे पूर्व भी वर्ष 2018 और 2019 में एडीजी अवार्ड से सम्मानित हो चुके हैं। पिछले 14 वर्षों से एनसीसी इकाई का सफल नेतृत्व करते हुए कैप्टन डॉ. पाण्डेय ने कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित किया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में अनेक कैडेट्स थल सेना कैंप तथा नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर अपना महाविद्यालय, विनोबा भावे विश्वविद्यालय और झारखंड राज्य का गौरव बढ़ा चुके हैं। उनके नेतृत्व में प्रति वर्ष एनसीसी कैडेट्स सामाजिक सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ज्ञात हो कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में एनसीसी निदेशालय बिहार और झारखंड, पटना के निर्देश पर हजारीबाग एनसीसी ग्रुप मुख्यालय द्वारा विनोबा भावे विश्वविद्यालय में आयोजित ‘वंदे मातरम: सांस्कृतिक गौरव और नागरिक उत्तरदायित्व’ कार्यक्रम में कैप्टन पाण्डेय की कार्यकुशलता के लिए हजारीबाग एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के कमांडर ब्रिगेडियर एस गोपीकृष्णन एसएम ने ‘लेटर आफ अप्रेशिएशन’ दिया था। इस उपलब्धि पर 22 झारखंड बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आर के रवि एवं संत कोलंबा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विमल रेवेन ने कैप्टन डॉ. पाण्डेय सहित सभी सम्मानित कैडेट्स को बधाई दी है। कर्नल रवि ने अवार्ड प्राप्त करने वालों के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कैडेट्स को भी प्रेरित करने की सलाह दी।



