गोड्डा

नगर क्षेत्र के विभिन्न बूथो का एसडीओ व एसडीपीओ ने किया निरीक्षण 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। नगरपालिका आम निर्वाचन – 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त आयोजन को लेकर आज अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी एवं नगर थाना प्रभारी दिनेश महली के द्वारा संयुक्त रूप से नगर क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न चिन्हित मतदान केन्द्रों यथा:-बूथ न. 01-12, 24-25 एवं 28-37 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मतदान केन्द्रों की भौतिक संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैम्प सहित दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया। साथ ही मतदान केन्द्रों के आसपास की संवेदनशीलता, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव ने निरीक्षण के क्रम में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह अथवा असामाजिक गतिविधियों पर सख्त एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुरूप सख्त कदम उठाए जाएंगे।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, लगातार गश्ती एवं निगरानी के माध्यम से क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button