नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के मद्देनजर अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित, 37 हजार मतदाता आजमायेंगे भाग्य
Election symbols allotted to candidates for the 2026 Municipal General Elections; 37,000 voters to try their luck

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत नाम निर्देशन, नामांकन पत्रों की समीक्षा, नाम वापसी एवं अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम तथा अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत नामांकन एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अंतिम सूची के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 89 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। सभी अभ्यर्थियों को नियमानुसार उनके चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि निर्वाचन से संबंधित बैठक के दौरान अभ्यर्थियों को मतदान केंद्रों की सूची, पहचान पत्र, अभ्यर्थियों की अंतिम सूची, व्यय लेखा संधारण हेतु रेड चार्ट, आदर्श आचार संहिता की मार्गदर्शिका एवं निर्वाचन अभिकर्ता नियुक्ति से संबंधित आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही व्यय लेखा जांच की निर्धारित तिथियों की भी जानकारी दी गई है। पायुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। निर्वाचन कार्य की प्रभावी निगरानी हेतु 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), 4 स्टेटिक सर्विलांस टीम (SST), 2 बीएसटी, 2 वीवीटी एवं 5 लेखा टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है। जांच अभियान के दौरान एसएसटी टीम द्वारा चेकिंग में 3 लाख 50 हजार रुपये की जब्ती की गई है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है। निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सामान्य प्रेक्षक एवं व्यय प्रेक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है। अभ्यर्थियों को प्रेक्षकों से संपर्क एवं भेंट हेतु निर्धारित समय की जानकारी भी उपलब्ध करा दी गई है। मतदान की तैयारियों के संबंध में उपायुक्त ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों का चिन्हांकन कर लिया गया है तथा मतदान कर्मियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। मतगणना के लिए बाजार समिति परिसर में स्ट्रांग रूम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है। अंत में जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों, राजनीतिक दलों एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग करें। प्रेस वार्ता के दौरान सभी निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), मीडिया कोषांग के सहयोगी पदाधिकारी एवं कर्मी तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


