
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। शुक्रवार रात टोडा गांव में अज्ञात चोरों ने एक किसान की ट्यूबवेल को निशाना बनाकर दीवार फाड़ दी और अंदर रखा कृषि सामान चोरी कर लिया। सुबह खेत पर पहुंचे किसान को घटना की जानकारी हुई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।
चौसाना क्षेत्र के टोडा निवासी शमशेर पुत्र कदम सिंह के खेत में बनी ट्यूबवेल पर शुक्रवार की देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने पहले ट्यूबवेल कक्ष की दीवार तोड़ी और अंदर घुसकर चार कट्टे यूरिया, कीटनाशक दवाइयां व अन्य कृषि उपयोगी सामान उठा ले गए। किसान के अनुसार चोरी हुआ सामान करीब बीस हजार रुपये का था।
सुबह जब शमशेर रोजाना की तरह खेत पर सिंचाई के लिए पहुंचे तो टूटी दीवार और बिखरा सामान देखकर सन्न रह गए। आसपास तलाश की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। घटना से क्षेत्र के किसानों में दहशत है, क्योंकि इन दिनों फसल के लिए खाद व दवाइयों की बेहद जरूरत होती है। ऐसे समय में चोरी किसानों की कमर तोड़ रही है।
सूचना मिलते ही चौसाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पीड़ित ने चौसाना चौकी पर तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में बनी ट्यूबवेलें लगातार चोरों के निशाने पर हैं, लेकिन गश्त बढ़ाने के दावे जमीन पर दिखाई नहीं दे रहे।
चौकी प्रभारी की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल।
चौसाना।
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि चौसाना चौकी पर तैनात प्रभारी ज्यादातर समय झिंझाना थाना में ही व्यस्त रहते हैं और चौकी पर कम ही मिलते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की नियमित मौजूदगी न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने उच्च अधिकारियों से चौकी पर स्थायी रूप से चौकी प्रभारी को तैनात करने की मांग उठाई है।
चौकी प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि उनके पास कई मुकदमों की विवेचना लंबित है, जिनके सिलसिले में उन्हें अक्सर झिंझाना थाना में जाना पड़ता है। इसी कारण चौकी पर हर समय मौजूद रह पाना संभव नहीं हो पाता।


