नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की देहरा मिलक शाखा के प्रबंधक और दो कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव तुकलाबाद निवासी पीड़िता ममता, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह अपनी बीमार मां के खाते से उपचार के लिए पैसे निकालने गई थीं। वहां उन्हें पता चला कि बैंक कर्मियों ने मिलीभगत कर उनकी माता के खाते से बिना बताए 70 हजार रुपये निकाल लिए और खाता बंद कर दिया।विरोध करने पर शाखा प्रबंधक शुभम कुमार भारद्वाज, क्रेडिट ऑफिसर मिन्टू और कार्यालय सहायक रेवन्त रमनिक पर अभद्रता व गाली-गलौज करने का आरोप है। पुलिस द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर सैदनगली थाना पुलिस ने बीएनएसएस की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


